रामगढ़वा। रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पचभिडिया गांव में अष्टयाम के दौरान दो पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद को स्थानीय मुखिया शेख वहाब की पहल पर अधिकारियों ने हल कर लिया। शनिवार की संध्या यह विवाद गांव में एक सार्वजनिक अष्टयाम के दौरान उत्पन्न हुआ था। जिसमें गांव के ही मोहम्मद अंसार ने बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मो अंसार उक्त धार्मिक कार्यक्रम में लोगों से गाली गलौज करने लगा।इससे गांव में सामुदायिक सद्भावना पर खतरा होने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।इस मामले को लोगों ने स्थानीय मुखिया शेख वहाब को इसकी जानकारी दी। मुखिया ने इसकी जानकारी रामगढ़वा सीओ मणिभूषण कुमार व थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान को दिया। सूचना पर सीओ मणिभूषण कुमार , थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान, आर ओ सतीश गुप्ता ने मामले के समाधान हेतु स्थानीय गणमान्य लोगों उप प्रमुख अरविंद पांडेय, विधायक प्रतिनिधि झून्नू पांडेय, पूर्व प्रमुखपति विशाल गुप्ता, समिति सदस्य मो आजाद इत्यादि के साथ घटना स्थल पर जाकर दोनों पक्षो को बुलाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गाँव में सार्वजनिक रूप से अष्टयाम हो रहा था। इसमें गाँव के ही मो अंसार ने विवाद फैलाने की कोशिश की।अष्टयाम में बज रहे लाउड स्पीकर के कारण उलूल जुलूल बोलने लगा। इसके इस कृत्य से मामला बिगड़ने लगा था। लेकिन स्थानीय लोगों के बीच बचाव के बाद मामला तत्काल रूप से रुका।इसके बाद अधिकारियों ने सामाजिक रूप से मो अंसार को गलत पाया और इसके लिए डॉट फटकार लगाया। मो अंसार ने सामाजिक रूप से भविष्य में ऐसी गलती नहीं दुहराने के आश्वासन दिया।