जिले में कहर बरपा रही सर्दी की सितम जारी है। इस कड़ाके की ठंड से लोग बेदम हो गये हैं। शीतलहर के बीच गुरुवार को सुबह से दिनभर घना कोहरा छाये रहने से लोग घरों में दुबकने को विवश रहे। कोहरे के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। दिनभर भगवान भास्कर के दर्शन नहीं हुए। सर्वाधिक सर्द दिन रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। अधिक ठंड के कारण पारा गिरने से अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर व पछिया हवा चलने से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। जिससे ठंड का कहर अभी जारी रहने का अनुमान लगाया गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारीक ने बताया कि इस बार शीतलहर का प्रकोप अधिक रहेगा। इस बार दो पश्चिमी विक्षोभों में समय का अंतर बढ़ गया है। जिससे पहाड़ों से आनेवाली बर्फीली हवा ज्यादा दिनों तक चलती रही है।