हिन्दी साहित्य सभा महात्मा गांधी केंद्रीय विवि द्वारा गांधी भवन परिसर स्थित नारायणी कक्ष में विश्व हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य पर ‘संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया । हिन्दी साहित्य सभा के संरक्षक सह हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अपने देश में हिन्दी को उचित सम्मान मिलना चाहिए। हमें अपनी भाषा से प्रेम होना चाहिए, अनुराग होना चाहिए। हम अगर अपने देश में हिन्दी को सम्मान देंगे तो पूरी दुनिया में इसे सम्मान मिलना स्वाभाविक है। इस बार जी-20 की अध्यक्षता करने का अवसर भारत को मिला है, एक तरह से यह हमें अपने हिन्दी भाषा को समृद्ध करने का एक नया मार्ग मिलना है। हिन्दी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. गोविन्द प्रसाद वर्मा ने कहा कि हिन्दी भाषा को व्यवहार से रोजगार व रोजगार से व्यवहार की ओर बढ़ाने के लिए प्रयास करने की आवश्यकता है । हिन्दी विभाग के शोधार्थी- रश्मि सिंह, मनीष ठाकुर, श्री प्रकाश, अशर्फी लाल तथा परास्नातक की आन्वी, नेहा, आदर्श, आनंद, पंकज, पंकज कुमार, चन्द्रप्रकाश, अविनाश, ललन ने भी विचार रखे। संचालन शोधार्थी सुप्रिया कुमारी ने व अतिथियों का स्वागत हिन्दी साहित्य सभा के अध्यक्ष मनीष कुमार भारती ने किया।धन्यवाद ज्ञापन प्रियंका सिंह ने किया।
