सभी सरकारी व निजी स्कूलों का डाटा अपडेट किया जाएगा। यू डायस के माध्यम से स्कूलों के सभी डाटा को संबंधित वेबसाइट पर एचएम ऑनलाइन अपलोड करेंगे। कोरोना काल में स्कूलों के बंद रहने से इस शैक्षणिक सत्र का डाटा अपलोड नहीं किया जा सका है। लिहाजा कोरोना काल के बाद स्कूल खुलने पर इस पर जोर दिया जाएगा। विभागीय निर्देश पर अब यू-डायस के तहत कक्षा एक से लेकर 12 तक के स्कूलों का डाटा अपलोड किया जाता है।  यू डायस में स्कूल की पूरी जानकारी एकत्रित कर ऑनलाइन संबंधित वेबसाइट पर अपलोड की जाती है। इसमें स्कूल भवन से लेकर छात्र-छात्राओं की संख्या, शिक्षकों की संख्या के साथ ही स्कूल में मूलभूत जरूरतों जैसे चापाकल, शौचालय आदि का शामिल है। यू डायस के माध्यम से सरकार शिक्षकों के वेतन के साथ ही स्कूल के विकास का बजट तैयार करती है। पिछले साल से सभी स्कूलों को इसे ऑनलाइन अपलोड करना जरूरी कर दिया गया है। छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सरकारी योजनाओं की राशि भी इसी से तय की जाती है। लिहाजा यू डायस भरने वाले स्कूलों को इससे लाभ है।