शुक्रवार को दिन भर सूर्य देव का दर्शन नही हुआ। सर्द पछुआ हवा चलने से कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग की माने तो शीतलहर का प्रकोप मकर संक्रांति तक रहने का अनुमान है। अभी तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया। अगले एक सप्ताह के मौसम अनुमान के अनुसार आकाश में बादल छाए रहेंगे। हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना नही है। विपरीत चक्र व चक्रवाती चक्रों के सक्रिय होने, पश्चिमी विक्षोभ के नीचे उतरने के कारण नमी का रिसाव बनता है। इसके अलावा द्रोणिका के सक्रिय होने से भी नमी बढ़ती है। केवीके पीपराकोठी की मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारिख व पूसा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. गुलाब सिंह ने बताया कि अगले चार-पांच दिनों तक आकाश में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान जिले में बारिश होने की उम्मीद कम है।