शहर के परेउआ मुहल्ला वार्ड नंबर एक की एक महिला को मृत समझ परिजन दाह -संस्कार की तैयारी कर रहे थे। तभी उसके शरीर में हलचल देख हड़कंप मच गया। परिजनों ने पुनअनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता के मद्देनजर उसे रेफर कर दिया।महिला के पति मुकेश प्रसाद का कहना है कि उसकी पत्नी नीलम कुमारी प्रसव पीड़िता थी। उसे स्थानीय डंकन अस्पताल में भर्ती कराया गया।इसी बीच महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया,उसके बाद जच्चा की स्थिति नाजुक हो गई। पति का आरोप हैकि अस्पताल की ओर से महिला को मृत बता डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि अस्पताल का दावा है कि उक्त महिला आइसीयू में भर्ती थी और परिजन उसे गंभीर स्थिति में ही घर ले जाने के लिए दबाव देने लगे। इसके बाद लामा सर्टिफिकेट (परिजनों के सहमति पत्र) लेकर डिस्चार्ज कर दिया गया। इधर महिला के मृत समझ दाह -संस्कार की तैयारी भी होने लगी। इसी बीच महिला को होश आ गया व वह पानी मांगने लगी। अनुमंडलीय अस्पताल उपाधीक्षक डॉ.राजीव रंजन कुमार का कहना है कि मरीज में सीवियर डिसनिया के लक्षण मिले। उसे उच्चस्तरीय चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया।
