आज धनतेरस मनाया जा रहा है।धनतेरस के लिए जमुई जिले भर के बाजार पूरी तरह सजे हुए हैं। दिवाली से पहले मनाए जाने वाले इस पर्व में इस बार भी दुकानदार खूब खरीदारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। धनतेरस के दिन बर्तन और गहने खरीदना शुभ माना जाता है। शहर के आभूषण कारोबारियों के पास सैकड़ों लोगों ने गहनों की एडवांस बुकिंग करवा ली है। इन्हें धनतेरस के शुभ मुहूर्त में डिलिवरी मिलेगी। कारोबारियों के अनुसार शादियों के लिए भी इन दिनों गहनों की खूब खरीदारी हो रही है। ज्वेलर्स ने ग्राहकों को लुभाने के लिए जीरो मेकिंग चार्ज, सोने के साथ चांदी के सिक्के फ्री और लक्की कूपन जैसे ऑफर निकाले हैं। बर्तन कारोबारियों ने भी अगले दो दिन के लिए अतिरिक्त स्टॉक दुकानों पर रख दिया है। धनतेरस पर इस बार भी करोड़ रुपये से भी अधिक कारोबार की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल सेक्टर भी पूरे जोरों पर हैं। अलग-अलग कंपनियों के डीलरों के यहां गाड़ियों की बुकिंग एक महीने पहले ही शुरू हो गई है। गाड़ियां खरीदने वालों के लिए डीलर ही लोन की व्यवस्था भी करवा रहे हैं। बाजार दुल्हन की तरह सजा हुआ है।
