हसनपुरा ( सिवान ) : एमएच नगर थाना के बलेथरी जरती माई के पास सोमवार की अल सुबह जलाभिषेक करने के लिए मेहंदार जाने के दौरान आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया तथा दो मोबाइल एवं दो हजार रुपये छीन लिए । भागते समय बदमाशों की बाइक घटनास्थल पर छूट गई जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया । घायल की पहचान बसंतनगर निवासी मिंटू कुमार है । बदमाशों ने मिंटू के चेहरे पर चाकू से वार किया है । बताया जाता है कि बसंतनगर निवासी मिंटू कुमार , सुधीर साह एवं राजन कुमार पूजा करने के लिए मेहंदार जा रहे थे । तभी बलेथरी जरती माई के पास आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें घेर लिए और मोबाइल व रुपये छीनने का प्रयास करने लगे । इस दौरान तीनों युवक बदमाशों से उलझ गए । तभी बदमाशों ने मिंटू कुमार को चेहरे पर चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया । हो हल्ला पर ग्रामीणों को आता देख बदमाश भागने लगे । इस दौरान बदमाशों की बाइक घटनास्थल पर ही छूट गई । ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया ।
