हुसैनगंज प्रखण्ड के हुसैनगंज बाज़ार मार्ग पर स्थित ट्रांसफार्मर में अचानक ब्लास्ट होने से ट्रांसफार्मर का तेल जहां तक छिटक कर गया वहां तक आग की लपटे गई और एक दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। गमिनात था कि दोपहर का वक्त होने के कारण मार्ग पर आवाजाही कम थी जिस कारण किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा किन्तु किराना दुकान का लगभग एक लाख का सामान जलकर राख हो गया। प्राप्त सूचना के अनुसार लगभग एक बजे हुसैनगंज बाज़ार मुख्य मार्ग के हैदरी कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित ट्रांसफार्मर में भयानक ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद ट्रांसफार्मर में तेज़ कैप्टन उठने लगी। साथ ही ट्रांसफार्मर के तेल के साथ ही आग की लपटें दूर तक छीटें के रूप में फ़ैल गया। इसी लपट की जद में पास ही मड़कन निवासी नुरुल होदा की दुकान ए टू जेड किराना स्टोर आ गया और देखते ही देखते दुकान का सामान जलने लगा। आसपास के दुकानदारों व गुजर रहे राहगीरों के बीच अफरातफरी मच गई। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रांसफार्मर व दुकान में लगी आग पर काबू पाया गया तब तक दुकान में रखा लगभग एक लाख का सामान जलकर राख हो चुका था। इस बारे स्थानीय अंचलाधिकारी डॉ सुनील कुमार व थानाध्यक्ष रामबालक यादव को सूचना दी गई। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार ट्रांसफार्मर ब्लास्ट की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास का इलाका दहल गया। वहीं दुकान के अंदर फंसे हुए दुकान मालिक नुरुल होदा ने बड़ी मुश्किल से आग से अपनी जान बचाई। किंतु दुकान का सामान जलने से नहीं बचा सके। फिलहाल इस मामले में दुकानदार द्वारा हुसैनगंज थाने पर व अंचलाधिकारी को आवेदन देने की तैयारी की जा रही थी।