सूक्ष्म सिंचाई के प्रसार हेतु दरौंदा में किया गया नुक्कड़ नाटक दरौंदा: प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजनान्तर्गत सूक्ष्म सिंचाई के प्रसार हेतु नुक्कड़ नाटक किया गया एवं एलइडी वान के माध्यम से प्रखंड क्षेत्र के रुकुन्दीपुर शनिचरा स्थान, बालबंगरा में बेलदारी टोला नहर पर, रामगढ़ा में भीखाबांध सुंदर बाबा के स्थान पर कार्यक्रम किया. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड उद्यान पदाधिकारी श्री राम सुमन के द्वारा किया गया. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सूक्ष्म सिंचाई की महत्ता पर प्रकाश डाला गया. साथ ही गीत, संगीत एवं नाटक कर किसानो को सरकार द्वारा संचालित योजना की जानकारी दी गई. प्रखंड उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि इस योजना पर उद्यान निदेशालय (कृषि विभाग) के द्वारा 90 प्रतिशत का अनुदान है साथ ही सभी छोटे मध्यम किसान भाई अगर समूह के माध्यम से इस योजना का लाभ लेते हैं तो उन्हें कम से कम 5 किसान एवं 6.25 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी. इसके तहत किसानों को समूह के लिए 210 फिट का बोरिंग, समर्सिबल पम्प के साथ 5 एचपी का मोटर एवं पम्प हाउस मुफ्त में मिलेगा. कार्यक्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक शरद सिंह ने योजना पर प्रकाश डाला एवं तकनीकी सहयोग हेतु किसान भाइयों को सम्बोधित किया. कार्यक्रम के दौरान क़ृषि समन्यवयक नवल किशोर, अभय कुमार, किसान सलाहकार सुशील तिवारी, मुन्नीलाला कुमार, राजेश ठाकुर, अनिल कुमार तथा प्रखंड के किसान जीतेन्द्र कुमार सिंह, धनेश्वर प्रसाद, दिलीप यादव, वीरेंद्र सिंह, उमेश सिंह, नरेश यादव सहित अन्य किसान उपस्थित रहे.