नियमित टीकाकरण की रफ्तार को तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। कोरोना संक्रमण के दौरान नियमित टीकाकरण में बाधाएं आ रही थी। अब इसे सुचारू रूप से चलाने के निर्णय लिए गए हैं। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा ने कहा कि नियमित टीकाकरण के अंतर्गत जेई के टीका से वंचित बच्चों को भी टीका लगाया जाना है। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सर्वे कर नौ माह से 10 वर्ष तक के जेई-1 एवं जेई-2 टीका से वंचित सभी बच्चों की सूची तैयार कराई जाएगी। सूची के आधार पर टीका से वंचित बच्चों को टीका लगाया जाएगा। सूची का सत्यापन आशा फैसिलिटेटर द्वारा किया जाएगा तथा सर्टिफिकेशन लिया जाएगा कि इस क्षेत्र में नौ माह से 10 वर्ष तक के जेई-1 एवं जेई-2 टीका से वंचित सभी बच्चों को टीकाकरण कराने हेतु सूची में शामिल कर लिया गया है।