बिहार विधानसभा के लिए दो सीटों पर हुए उप चुनाव में राजग समर्थित जनता दल (यूनाइटेड) उम्मीदवार कुशेश्वरस्थान विधानसभा से अमन भूषण हजारी व तारापुर विधानसभा से राजीव कुमार सिंह की जीत से जदयू कार्यकर्ताओं व नेताओं के लिए दोहरी खुशी मिली है। एक ओर दीवाली तो दूसरी ओर उप चुनाव के लिए दोनों सीटों पर जदयू की जीत से कार्यकर्ता आह्लादित हैं। जदयू नेताओं ने बिहार की जनता को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है। जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। यह जीत ऐतिहासिक है। सही मायने में यह जीत जनता के विश्वास व विकास की जीत है। चेनारी प्रखंड जदयू के मुख्य नेता नेहाल अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सभी वर्गों के लिए किए गए समावेशी विकास-सुशासन को ले बिहार की जनता ने अपनी मुहर लगा दी है। कुशेश्वर स्थान व तारापुर विधानसभा के उपचुनाव में न्याय के साथ विकास पर लोगों ने भरोसा जताया है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा था कि वह विसर्जन करने आए हैं, लेकिन उन्हीं का स्वयं विसर्जन हो गया। वे जिस तामझाम के साथ यहां पहुंचे, उन्हें लगा कि उनका असर काम करेगा। लेकिन उनके आने का प्रभाव नहीं पड़ा। जनता ने सिरे से नकार दिया। वहीं पार्टी की जीत पर नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।