सदर अस्पताल शेखपुरा में आम लोगों को शल्य सेवा और प्रसव सेवा उपलब्ध कराने में राज्य सरकार ने पूरे सूबे में प्रथम स्थान हासिल करने पर शुक्रवार को पटना में सदर अस्पताल को पुरस्कृत किया। शुक्रवार को पटना में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर वीरेंद्र कुमार और अस्पताल प्रबंधक धीरज कुमार को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। इस बाबत अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि पिछले साल नई दिल्ली से एक केंद्रीय टीम इस अस्पताल के प्रसव कक्ष यानि लेवर रूम और ओटी का गहन निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मार्गदर्शिका के मुताबिक प्रसव और शल्य सेवा करते पाया गया। केंद्रीय टीम ने इस अस्पताल को प्रसव कराने के कार्य में 98 और ओटी के कार्य में 96 अंक दिया। कुल मिलाकर यह अस्पताल पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया। राज्य में सदर अस्पताल शेखपुरा को प्रथम स्थान हासिल होने पर जिला के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। जबकि जिला वासियों ने भी इसको लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग को बधाई दी है।विस्तृत जानकारी के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।