बुधवार को शेखपुरा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी बिहार सरकार को सर्किट हाउस में जिला के चेवाडा में एक उच्चस्तरीय आउटडोर स्टेडियम निर्माण हेतु ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के जिला सचिव संजय गोप ने किया। इस अवसर पर शेखपुरा के विधायक विजय सम्राट भी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस जिला को बने हुए 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी खेल के विकास हेतु एक भी आउट डोर स्टेडियम का निर्माण जिला के किसी भी इलाके में नहीं बनाया गया। जिले के चेवाडा बाजार में साढ़े छह एकड़ की विस्तृत सरकारी भूमि में एक आजाद मैदान उपलब्ध है। जिसका चहारदीवारी और गैलरी उपलब्ध है। लेकिन उच्च स्तरीय स्टेडियम का घोर अभाव है।इस मैदान में अक्सर क्रिकेट , फुटबॉल आदि खेल का आयोजन होता रहता है। मंत्री से कहा गया कि इस मैदान को स्टेडियम का स्वरूप देने के बाद यहां राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सकेगा।
