शनिवार को स्थानीय रामाधीन महाविद्यालय में जिला स्थापना दिवस के अवसर पर एन सीसी कैडेटों द्वारा प्रधानाचार्य डा० दिवाकर कुमार की उपस्थिति में वृक्षारोपण किया गया। कोविड निर्देशों का पालन करते हुए एन सी सी कैडेटों ने जिला स्थापना दिवस पर हर्ष व्यक्त किया। प्रधानाचार्य डा० दिवाकर कुमार ने कहा कि आज के ही दिन 31 जुलाई 1994 को शेखपुरा जिला का सृजन हुआ था। शेखपुरा जिला के सृजनहार कांग्रेस सांसद रहे स्वर्गीय राजो बाबू को नमन करते हुए कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं कि जिनके अथक प्रयास से शेखपुरा जिला के अस्तित्व को प्राप्त किया। आज 27 वां जिला स्थापना दिवस के अवसर पर सुखद अनुभूति हो रही है कि हमारा शेखपुरा प्रगति पर निरंतर बढ़ता जा रहा है। प्रधानाचार्य ने जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन को भी धन्यवाद दिया है तथा कहा है कि जिलाधिकारी ,आरक्षी अधीक्षक एवं सम्पूर्ण प्रशासनिक महकमा की कुशलता एवं तत्परता से जिला विकास की नित्य नई-नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
