शहर के सकलदेव नगर स्थित एक स्कूल संचालिका राधिका सिंह और उनके पति को बुरी तरह जख्मी कर उनके इकलौते 16 वर्षीय पुत्र हर्ष राज की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार को सुबह से ही आक्रोशित ग्रामीणों ने बिहारशरीफ - बरबीघा एन एच को घंटो जाम रखा और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।जाम लगने के कारण दोनों तरफ निजी वाहनों मालवाहक वाहनों तथा यात्री वाहनों का लंबी लंबी लाइनें लग गई। यात्री भूख और प्यास से छटपटाते नजर आए और इधर उधर पानी की खोज में भटकते रहे। वही भीड़ को समझाने गए स्थानीय पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोग घटनास्थल पर एस पी कार्तिकेय शर्मा को बुलाने के साथ-साथ अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।हालांकि सूचना पाकर एसडीपीओ सुरेंद्र प्रसाद सिंह वहां पहुंचे लेकिन अथक प्रयास के बाद भी लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। लगभग 6 घंटे तक आक्रोशित लोगों द्वारा बरबीघा बिहार शरीफ मुख्य सड़क मार्ग जाम करने के बाद एसपी कार्तिकेय शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने परिजनों से कहा कि दोषी किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएंगा और पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा देगी। प्रशासन मिलने के बाद आखिरकार परिजनों ने जाम हटा लिया।