राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 23 पेटरवार - बोकारो पथ पर थाना क्षेत्र के उतासारा स्थित टर्निंग पॉइंट पर एक दूसरे वाहन से चकमा खाकर बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया. इस घटना में दो लोग घायल हो गए. जिसमें एक युवक को सर में गंभीर चोट आई है. यह घटना रविवार की शाम करीब चार बजे की है. घटना के समय रास्ते से गुजर रहे पेटरवार के समाजसेवी धनेश शर्मा उर्फ बबलू ने घटना पर रुक कर 108 एम्बुलेंस को कॉल कर बुलाया और दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार भेजवाया. दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर गंभीररूप से घायल एक युवक को सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया गया. बताया जाता है कि बोकारो सेक्टर सिक्स निवासी बीरेंद्र कुमार यादव (45 वर्ष) और सतगुरु प्रसाद (46 वर्ष) पेटरवार स्थित खुटा बाबा मंदिर से पूजा- अर्चना कर वापस अपने घर सेक्टर सिक्स लौट रहे थे तभी उतासारा टर्निंग पॉइंट पर एक दूसरे वाहन ने बाइक सवार लोगों को चकमा दे दिया जिसके कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए. इस घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गया. बताया जाता है कि दोनों नशे में धुत थे. बाइक सवार बीरेंद्र कुमार के सर पर गंभीर चोट लगी है जबकि सतगुरु को मामूली चोट आई है.
