विद्यापतिनगर। लोक आस्था का महापर्व छठ की शुरुआत व्रतियों द्वारा पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुआ। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर प्रखंड मुख्यालय विद्यापतिनगर सहित विभिन्न बाजारों में विशेष चहल-पहल एवं रौनक देखी जा रही है।पूरा क्षेत्र छठ महापर्व के रंग में सराबोर हो चुका है। शुक्रवार को सुबह 6 बजे से ही प्रखंड के विद्यापतिनगर, वाजिदपुर एवं मऊ बाजार के अलावा विभिन्न चौक-चौराहों पर फलों की दुकानों सज गई थी, जहां देर शाम तक खरीददारी होती रही। सुबह सवेरे से ही श्रद्धालु भारी संख्या में बाजार पहुंच कर खरीदारी में व्यस्त दिखे। सबसे ज्यादा भीड़-भाड़ वाजिदपुर बाजार में देखी गई, जहां लोग सेब, केला, नारियल, ईख, मूली, हल्दी, आदि खरीदते नजर आए। उधर मऊ बाजा में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। हालांकि अधिकांश लोग फलों एवं अनावश्यक वस्तुओं की बढ़ी कीमतों से परेशान थे, बावजूद इसके महापर्व छठ की तैयारी में लोग लगे हैं । छठ के दूसरे दिन आज खरना का अनुष्ठान होगा, इसके बाद लोग महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।