कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल उनका ही नहीं, बल्कि बिहार समेत पूरे देश के वंचितों का सम्मान किया है। कर्पूरी सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। उक्त बातें बुधवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के सौ वे जन्मदिन के अवसर पर स्थानीय महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के मौके पर अपने संबोधन में पूर्व केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री तथा स्थानीय सांसद राधामोहन सिंह ने कही। उन्होंने आगे कहा कि कर्पूरी ठाकुर से उनका व्यक्तिगत सम्बंध रहा है। विधानसभा भंग करो आंदोलन में उनके साथ भागलपुर जेल गए। उनके साथ काम करने का मौका मिला है। वही बिहार सरकार के पूर्व मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों का विकास किया और गरीबों के लाल कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर सम्मानित किया। मोदी की सरकार ने कर्पूरी जी के सपनों को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही। मौके पर केवीके प्रमुख डॉ. अरविंद कुमार सिंह, मुखिया हेमंत कुमार, संतोष शर्मा, डॉ. एसके पूर्वे, राजू सिंह, पवन गुप्ता, नेहा पारीख, मनीष कुमार, गुड्डू कुमार आदि मौजूद थे।