बिहार बोर्ड की परीक्षा शैली (पैटर्न) को 12 राज्यों के बोर्ड अपनाएंगे। 10वीं-12वीं बोर्ड का त्रुटि रहित रिजल्ट हो, परीक्षा कदाचार मुक्त हो यह जानने के लिए देश के कई राज्यों के बोर्ड बिहार बोर्ड से संपर्क में हैं और जानकारियां ले रहे हैं। देश का सबसे बड़ा बोर्ड उत्तर प्रदेश ने भी संपर्क किया है। इसके अलावा झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात बोर्ड ने भी परीक्षा शैली की जानकारी ली है। बता दें कि अभी तक ओडिशा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ के अलावा नेपाल ने ही बिहार बोर्ड से संपर्क किया था, लेकिन इस वर्ष उत्तर प्रदेश आदि समेत 12 राज्य अब यहां के परीक्षा पैटर्न को अपनाएगा। इसमें बिहार बोर्ड का यूनिक नंबर, उत्तरपुस्तिका पर छात्रों का प्री प्रिटेंड, परीक्षा केंद्र, परीक्षार्थियों की तीन बार जांच आदि शामिल हैं। पहली बार वर्ष 2023 की मैट्रिक और इंटर परीक्षा के प्रत्येक परीक्षार्थी को यूनिक नंबर दिया गया था। इससे फर्जी छात्र का मामला काफी कम हुआ। जहां पर भी फर्जी छात्र परीक्षा में बैठे, उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया।
