अमर विश्वकर्मा घुटारी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की ललितपुर। बिना किसी राजनैतिक पृष्ठभूमि के पहली बार में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए महत्वपूर्ण सफलता हांसिल करने वाले अमर विश्वकर्मा घुटारी ने बुधवार को लखनऊ पहुंच कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सोशल मीडिया के व्हाट्सऐप पर उन्होंने फोटो साझा करते हुये बताया कि वर्तमान केन्द्र व प्रदेश सरकार की विकास परक योजनाओं और कार्यकर्ताओं को मिलने वाले सम्मान से ओतप्रोत होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खुशहाली और विकास योजनाओं को धरातल पर कारगर बनाने के लिए सही समय पर सही निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि बहुजन समाज पार्टी के टिकिट पर उन्होंने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ा और क्षेत्रवासियों के सहयोग से वह पहली बार में ही निर्वाचित घोषित हुये। बताया कि उन्होंने लखनऊ पहुंच कर उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की संयुक्त उपस्थिति में देश व दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह व प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे। जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा घुटारी ने कहा कि वह जिस क्षेत्र से चुनकर आये हैं, वहां केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाते हुये लोगों को मूलभूत सुविधाओं से लाभान्वित कराना ही उनका उद्देश्य हैं। अमर विश्वकर्मा घुटारी के भाजपा में शामिल होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर देखी जा रही है।