विकासखंड क्षेत्र बछरावां अंतर्गत राजाखेड़ा ग्राम निवासी सीआरपीएफ में सहायक कमांडेंट के पद पर तैनात अखंड प्रताप सिंह को दूसरी बार महामहिम राष्ट्रपति महोदय द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। यह पदक राष्ट्रपति द्वारा वर्ष 2024 के गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किया गया है। पदक सहायक कमांडेंट अखंड प्रताप सिंह को जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के चक राजपोरा गांव में अपनी टुकड़ी के साथ हथियारबंद आतंकवादियों को मार गिराए जाने के लिए प्रदान किया गया है। जिसको लेकर क्षेत्र में हर्ष का विषय है।

रायबरेली| उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली श्री तरुण सक्सेना के दिशा-निर्देशन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पैन इंडिया के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रम के अंतर्गत उमाशंकर कहार अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली द्वारा जिला कारागार में निरुद्ध 18 वर्ष से 21 वर्ष तक की आयु के बंदियों को इस कार्यक्रम के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया गया और इसका लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त निरुद्ध किशोर बन्दियों की स्थिति व रखरखाव के बाबत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण उपरांत किशोर निरुद्ध बंदियों के विधिक अधिकार विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन भी किया गया। विधिक जागरुकता शिविर में कारापाल हिमाशुं रौतेला, उपकारापाल अनिल कुमार विश्वकर्मा, व पराविधिक स्वयं सेवक पवन कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

बछरावां के पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया है जहां विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत बहादुरपुर गांव में 27 जनवरी से प्रारंभ हुए क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच शिवदयाल खेड़ा और बबुरिहा खेड़ा बछरावां के मध्य खेला गया इस मौके पर पूर्व विधायक के साथ अन्य गणमान्य जन क्रिकेट प्रेमी एवं हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

बछरावां नगर पंचायत कार्यालय में गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर पंचायत के पार्क में कर्मयोगी राष्ट्रभक्ति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मान पट्ट का अनावरण नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह उर्फ राम जी अधिशासी अधिकारी रामाशीष वर्मा व वरिष्ठ समाजसेवी सौरमंडल शुक्ल द्वारा किया गया। इस पट्ट पर नगर क्षेत्र के 21 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम अंकित किए गए हैं। वही इस मौके पर क्षेत्र के 21 कर्मयोगी राष्ट्रभक्ति स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के छायाचित्र भी नगर पंचायत परिसर में लगाए गए व राष्ट्र के प्रति उनके निष्ठा को देखते हुए आज उनके पारिवारिक जनों को भी नगर पंचायत में माल्यार्पण व अंग वस्त्र अर्पित करके सम्मानित किया गया।

रायबरेली | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार 26 जनवरी गणतन्त्र दिवस के दिन से पीडीए, पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक पखवाड़ा जनपद की सभी छः विधान सभाओं के 220 सेक्टरों में जन पंचायतें आयोजित कर समाजवादी पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं द्वारा मनाया जा रहा है, विधान सभा हरचन्दपुर एवं सलोन के कोन्सा, सुल्तानपुरखेड़ा, केमूपुर एवं रतासों सेक्टर में आयोजित जन पंचायतों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष इं. वीरेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पिछड़े दलित एवं अल्पसंख्यक वर्ग जिसका मूल पेशा खेती किसानी मुसीबत में हो गयी है, वर्तमान समय में किसानों के बिजली बिल अंधाधुंध बढ़कर आ रहे हैं। खाद, बीज की अनुउपलब्धता है, आवारा जानवरों से फसलें चौपट हो रही है। मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा, मनरेगा जैसी योजना में धन का अभाव है। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता ओपी यादव, बबलू लोधी, सत्येश गौतम, सुरेश चौधरी एवं वि.स. अध्यक्ष पुत्तन सिंह ने भी विचार व्यक्त किया। विधान सभा क्षेत्र ऊँचाहार के गौरा सेक्टर में जन पंचायतों को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक डा0 मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि पिछड़ों, दलित, अल्पसंख्यकों की अनदेखी भाजपा की नीति है, उन्होनें डा0 लोहिया की बात को याद दिलाया संसोपा ने बांधी गाँठी, पिछड़े पावें सौ में साठ। बछरावाँ विधायक श्याम सुन्दर भारती ने असहन जगतपुर एवं शेखपुर समोधा सेक्टरों में उपस्थित जनों से कहा कि शोषण करने वाले प्रमुखवादी सोच के लोगों के गलत एवं अपमानजनक व्यवहार से पीडीए ही बचायेगा, इसलिए पीडीए जितना ही मजबूत होगा उनका उत्पीड़न कम होगा। हरचन्दपुर विधायक राहुल लोधी ने अड़ोबर एवं सरांवा सेक्टरों में आयोजित जन पंचायतों में कहा कि पीडीए की एकजुटता भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे अत्याचार के खिलाफ कवच एवं भविष्य को अच्छा बनाने का रास्ता है। रायबरेली विधान सभा में विधान सभा अध्यक्ष योगेश्वर पटेल, अरशद खान, सरेनी विधान सभा में धर्मेन्द्र धाकड़, शिव बहादुर फौजी, अवध यादव के नेतृत्व में सिधौना, डिघिया, कनहा, समोधा, सरांय बैरिहाखेड़ा सेक्टरों में आयोजित जन पंचायतों के माध्यम से पीडीए जागरूकता पखवाड़ा पर लोगों को सम्बोधित किया। कार्यक्रम में विधान सभा अध्यक्ष बछरावाँ ब्रजेन्द्र चौधरी, वि.स. अध्यक्ष हरचन्दपुर राकेश कुमार, वि.स. अध्यक्ष ऊँचाहार, जगदेव यादव, मुनेश्वर पासी, धनीराम मौर्या, रवीन्द्र पाण्डेय, राजेश मौर्या, विनायक सोनकर सहित वरिष्ठ नेतागणों ने भी अपने विचार व्यक्त किया।

रायबरेली।  एनटीपीसी  ऊंचाहार में हाउस कीपिंग के कार्य में लिमिटेड टेंडर प्रक्रिया को बहाल किए जाने के संबंध में 2014 में रायबरेली लोकसभा चुनाव लड़े भाजपा नेता व सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता अजय अग्रवाल ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह से कर्तव्य पथ दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान भेंट कर इस संबंध में तुरंत आवश्यक निर्देश निर्गत करने का अनुरोध किया, ताकि एन.टी.पी.सी. ऊंचाहार के प्रदूषण प्रभावित क्षेत्र में बसे हुए एनटीपीसी के ठेकेदार, तकनीकी स्टाफ, सुपरवाइजरी स्टाफ तथा श्रमिक जिनकी संख्या लगभग 5000 होती है को भूखे मरने से बचाया जा सके द्य भाजपा नेता अजय अग्रवाल ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह को आगे बताया कि लागू की गई नई टेंडर प्रक्रिया जिसमे एस्टीमेट के बराबर टर्नओवर मांगा जा रहा है वह किसी भी स्थानीय ठेकेदार की नहीं है स उक्त सभी  स्थानीय ठेकेदार  प्रदूषण प्रभावित क्षेत्र के निवासी हैं और यह छोटे ठेकेदार हैं. और स्थानीय होने के नाते स्थानीय श्रमिकों को काम में लगाकर पिछले 30 वर्षों से संतोषजनक कार्य कर रहे  हैं जिनकी सराहना एनटीपीसी ऊंचाहार के परियोजना प्रबंधक समेत समस्त अधिकारी करते हैं स  यह सारी बातों को सुनकर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री में श्री आरके सिंह ने भाजपा नेता अजय अग्रवाल से कहा कि वह इस मामले में एक प्रत्यावेदन अपने द्वारा भेज दें और वह इस मामले को तुरंत परीक्षण कराकर आवश्यक निर्देश जारी करेंगे द्य भाजपा नेता अजय अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में आज एक प्रत्यावेदन ईमेल तथा  व्हाट्सएप द्वारा  भेज दिया है तथा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री को फोन पर पत्र भेजे जाने के सम्बंध में अवगत करा दिया है |

शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के सरस्वती शिशु मन्दिर बैंती में धूमधाम से गणतन्त्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ मनाई गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामबरन यादव के नेतृत्व में भैया-बहनों ने विद्यालय से प्रभात फेरी निकालकर समूचे कस्बे में भ्रमण किया। प्रभात फेरी के दौरान भैया बहनों द्वारा लगाए जा रहे भारत माता के जयकारों एवं प्रभात फेरी राष्ट्र गीत से समूचा बैंती कस्बा गुंजायमान हो उठा। प्रभात फेरी के समापन पर विद्यालय के संरक्षक मोहनलाल मौर्य ने राष्ट्रध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। बहनों ने सरस्वती वन्दना की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। भैया बहनों ने राष्ट्रीय गीत, नृत्य एवं एकांकी आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुपम प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर विद्यालय के संरक्षक सेवानिवृत शिक्षक मोहनलाल मौर्य, प्रबंधक गिरजा शंकर मौर्य,आचार्य भगवानदीन, आचार्या ज्योति मौर्या,वंदना मौर्या, अंजली गुप्ता के साथ ही भैया, बहनें एवं अभिभावक मौजूद रहे।

गणतंत्र दिवस के पावन बेला पर रायबरेली जिले के ऊंचाहार में स्थित शिवमंगल मौर्य इण्टरमीडिएट कॉलेज मे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ कालेज के प्रबन्धक डा आर पी मौर्य के द्वारा किया गया। छात्रो ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया। कालेज की हाईस्कूल टापर पलक उपाध्याय को स्मार्ट वाच देकर तथा कार्यक्रम मे भाग लेने वाले सभी छात्रो को डा आशीष कुमार मौर्य ( सीनियर मेडिकल आफिसर) द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामानंद मौर्य, पूर्व प्रधानाचार्य सुखराम सरोज, पूर्व राजस्व निरीक्षक बंसी लाल मौर्य, डा0 सरिता मौर्य प्रिन्सिपल फार्मेसी कालेज,डा 0एस एन प्रजापती,प्रधानाचार्य मीरा मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय रामपुर खास में विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका निम्मी शुक्ला के नेतृत्व में धूमधाम गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ मनाई गई। गणतन्त्र दिवस के पावन बेला पर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय से प्रभात फेरी निकालकर समूचे गांव में भ्रमण करते हुए ग्रामीणों में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई। प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा गाए जा रहे राष्ट्र गीत विजई विश्व तिरंगा प्यारा, झण्डा ऊंचा रहे हमारा गीत एवं लगाए जा रहे भारत माता के जयकारों से समूचा गांव गुंजायमान हो उठा। प्रभात फेरी के समापन पर विद्यालय में राष्ट्रध्वज फराकर सरस्वती वन्दना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुपम प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर शिक्षिका अनीता श्रीवास्तव, शिक्षक मनीष श्रीवास्तव, मोहम्मद अखबाल,सविता देवी,स्वर्णा सिंह, मोहम्मद सकील,सारिका सिंह,योगेश वर्मा,रुबीना के साथ ही छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।

स्वर्गीय वंश बहादुर सिंह स्मारक प्रांतीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता सम्पन्न शिवगढ़,रायबरेली। क्षेत्र के शिवगढ़ नगर पंचायत अन्तर्गत श्री बरखण्ड़ी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज शिवगढ़ के मैदान में आयोजित 24 वीं स्वर्गीय वंश बहादुर सिंह स्मारक प्रांतीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच शानू इलेवन शिवगढ़ और बेड़ारु के मध्य खेला गया। जिसमें शिवगढ़ ने बेड़ारु को 56 रनों से पराजित कर कप अपने नाम कर लिया। गौरतलब हो कि प्रतियोगिता के फाइनल में बेड़ारु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, शानू इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। वहीं जवाब में उतरी बेड़ारु टीम 15 ओवर में 123 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार से शिवगढ़ ने 56 रनों से मैच जीतकर कप अपने नाम कर लिया। शिवगढ़ टीम के शैलेंद्र सापक को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ़ द सीरीज व बेस्ट बैट्समैन के खिताब से नवाजा गया। शैलेंद्र सापक ने जहां फाइनल मैच में 81 रन बनाए वहीं सीरीज में शैलेंद्र सापक का 176 रनों का योगदान रहा,12 विकेट लेने वाले शिवगढ़ टीम के नूरुल को बेस्ट बॉलर के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख कुंवर हनुमन्त प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित विद्यापीठ के प्रधानाचार्य राजकुमार गुप्ता,शिवगढ़ भाजपा मण्डल अध्यक्ष डा.जीबी सिंह,प्रधान संघ अध्यक्ष पवन सिंह द्वारा विजेता,उपविजेता टीम को कप एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त खेल शिक्षक रामनरेश मेहता, तरुण सिंह, प्रधान लिपिक राज बहादुर सिंह, अनुभव सिंह, विनोद सिंह,सोनू सिंह, हरिशंकर पांडेय, संतोष सिंह राठौर,रंजीत कुमार,अंकित सिंह,शालू गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे। टोटल एनर्जी मार्केट इण्डिया प्रा.लि.ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित टोटल एनर्जी मार्केट इण्डिया प्राइवेट इंडिया लिमिटेड लखनऊ के मैनेजर बी.के.अवस्थी ने विजेता,उपविजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट एवं दीवार घड़ी देकर सम्मानित किया। श्री अवस्थी ने खिलाड़ियों का उत्सवर्धन करते हुए कहा कि एक स्वस्थ्य प्रतियोगिता खिलाड़ियों में सकारात्मक सोंच ,सकारात्मक ऊर्जा पैदा करती। खेल से शरीर चुस्त दुरुस्त मन तरोताजा रहता है। उन्होंने कहा कि ऐसी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से ग्रामीण अंचल में छुपी प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है। जिसके लिए आयोजक कमेटी बधाई की पात्र है। आयोजक कमेटी द्वारा श्री अवस्थी को सम्मानित किया गया।