कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद भरवारी के अधिशासी अधिकारी सुनील मिश्रा को शासन ने वित्तीय अनियमितता के आरोप में सस्पेंड कर दिया है,शासन ने डीएम कौशाम्बी के पत्र के आधार ईओ को सस्पेंड किया है,ईओ सुनील मिश्रा पर मैन पावर सप्लाई में अनियमितता का आरोप लगा है,वही विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की शिकायत सभासदों ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहित सीएम योगी से की थी,जिसके बाद शासन ने ईओ सुनील मिश्रा को सस्पेंड कर दिया है। ईओ सुनील मिश्रा की शासन से जारी विशेष पत्र पर नगर पालिका परिषद भरवारी में तैनाती हुई थी,जब से ईओ सुनील मिश्रा भरवारी में तैनात हुए तभी से इसके ऊपर सभासद विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत कर रहे थे, जिसके चलते नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और सभासदों में खींचतान शुरू हो गई थी,आपसी खींचतान के चलते ईओ सुनील मिश्रा की शिकायत सभासदों ने डिप्टी सीएम सहित सीएम योगी से भी की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच शासन ने डीएम कौशाम्बी से कराई और डीएम की आख्या के पत्र के आधार पर शासन से भरवारी ईओ सुनील मिश्रा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।ईओ सुनील मिश्रा के सस्पेंड होने की खबर जैसे ही सभासदों को मिली तो उनके खुसी की लहर दौड़ पड़ी।वही ईओ के चाहने वालो के चेहरे पर मायूसी दिखाई पड़ रही है।
- कड़ा ब्लाक का आज खुलने वाले टेंडर की तारीख बढ़ सकती है।सूत्रों की माने तो खण्ड विकास अधिकारी कड़ा स्वास्थ ठीक न होने के चलते आज ब्लाक नही आये जिसके चलते टेंडर प्रक्रिया अधर में लटक गई है।कड़ा ब्लाक में केन्द्रीय वित्त आयोग टाइड एवं पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत आज 52 टेंडर खुलना था। कई ठेकेदारों ने टेंडर खुलने से पहले ही कार्य शुरू करा दिया था। जिलाधिकारी से शिकायत के बाद 7 सदस्यीय टीम मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम में साप्ताहिक बंदी का असर कस्बे में बुधवार को दिखाई दिया। यहां जरूरी सामान की दुकानों को छोड़कर लगभग सभी दुकानें बंद रहीं।हालांकि इक्का दुक्का मनबढ़ व्यापारी अपनी दुकानों को चोरी छिपे खोले रहे।सुबह से लेकर शाम तक बाजार में आवश्यक सेवाओं की दुकानों को छोड़कर बाकी बाजार बंद रहा।कस्बे में साप्ताहिक बंदी का पूरा असर दिखाई दिया।बाजार की सड़कों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।आवश्यक सेवाओं की दुकानों पर भी कोई-कोई ग्राहक ही नजर आया। मेडिकल स्टोर, फल सब्जी वाले दुकानदार भी ग्राहक का इंतजार करते दिखाई दिए। ई-रिक्शा आदि जैसे वाहन भी कम चलते दिखे।
नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम अंतर्गत ज्योतिबाराव फुले इंटर कालेज जहानपुर में बुधवार को भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फूले की जयंती श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई।इस दौरान उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।मौजूद लोगों ने प्रथम शिक्षिका के व्यक्तित्व व कृत्तित्व पर चर्चा की।इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि सावित्रीबाई फुले भारत की महानायिका हैं, जब महिलाओं को स्कूल भेजने को पाप माना जाता था उस दौर में सावित्रीबाई फुले जी ने अपने पति ज्योतिराव गोविंदराव फुले के साथ मिलकर महिलाओं के हित की लड़ाई लड़ी और सन 1852 में महिलाएं के लिए एक विद्यालय की स्थापना की।
कड़ा ब्लाक क्षेत्र में पिछले कई घंटे से रुक रुककर हो रही बारिश के कारण तापमान मे गिरावट आई है। बारिश होने से ठंड बढ़ने के आसार अब और बढ़ गया है बेमौसम बारिश ने लोगों की मुसीबतों में इजाफा कर दिया है।आधी रात से हो रही बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
शक्तिपीठ कडा़धाम में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो गया है। जिसके प्रथम दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।श्रीमद्भागवत कथा 2 जनवरी से 8 जनवरी तक होगी।इसके उपरांत 9 जनवरी को भंडारे का आयोजन किया जाएगा।इस श्रीमद्भागवत कथा के मुख्य यजमान भुवनेश्वरी पंडा ने बताया कि कथावाचक आचार्य त्रिभुवन नंदन कल्पेश्वर महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा सुनायी जाएगी।इस मौके पर गोपाल पंडा, शीतला पंडा, धनंजय पंडा, टिंकू पंडा, कंचन पंडा, रोहित चौरसिया, राकेश मोदनवाल, गणेश पंडा, पिंटू पंडा, विजय पंडा, रंजीत मोदनवाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।
बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कड़ाधाम थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंक शाखाओं में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने विभिन्न बैंकों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों व आपातकालीन अलार्म की जांच के साथ जमा व निकासी काउंटर पर पहुंच ग्राहकों से पूछताछ करते हुए कर्मचारियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई।थानाध्यक्ष ने बैंक कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बैंक में आने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। कोई संदिग्ध नजर आए तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कड़ा विकास खण्ड के सुखधरनपुर किठाँव गांव में बंजर भूमि पर अवैध निर्माण कार्य कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है।दर्जनों की संख्या में गांव की महिलाओं ने थाने पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध किया तो पुलिस ने निर्माण कार्य को रुकवा दिया।गांव की रामदुलारी, बदामा, रानी देवी, ननकी, सुषमा, रेखा, पूजा सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि गाँव में खाली पड़ी बंजर जमीन पर वह सभी लकड़ी, कंडा आदि रखते हैं जिस पर गांव का ही एक व्यक्ति अवैध निर्माण करा रहा है जबकि इसी भूमि पर गांव के लोग टेंट लगाकर शादी विवाह करते हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि एक स्थानीय नेता का रिश्तेदार होने के नाते दबंग बंजर भूमि पर कब्जा कर रहा है।ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने फिलहाल काम को रुकवा दिया है।
कड़ा विकास खण्ड के ग्राम पंचायत भैरांवा में ग्राम प्रधान गोपी मौर्य द्वारा ग्रामीणों को कम्बल वितरण किया गया।कम्बल वितरण कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य उपस्थित रहे।इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सर्द मौसम में गरीब असहाय लोगों की मदद करना बहुत ही पुण्य का कार्य है।
नए साल के पहले दिन भक्तों ने मां कड़ावासिनी का दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया है।51 वें शक्तिपीठ कड़ाधाम में सोमवार को नए साल के पहले दिन मां शीतला देवी के दर्शन पूजन के लिए भक्तों का जमावड़ा लगा रहा।गंगा स्नान के बाद भक्त नारियल चुनरी लेकर मां के दरबार पहुंचे।
