बैतूल। कोटवार वेलफेयर सोसाइटी संघ मध्य प्रदेश के बैनर तले जिले के कोटवारों ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नई खाकी एवं गर्म वर्दी की राशि शीघ्र जिले के समस्त कोटवारों के बैंक खाते में जमा करने का आग्रह किया है। कोटवार वेलफेयर सोसाइटी संघ मध्य प्रदेश के सचिव लोकेश पाटिल ने जिले के समस्त कोटवारों के बैंक खाते में नई खाकी वर्दी एवं अन्य सामग्री की राशि अति शीघ्र डालने की मांग की ताकि समस्त कोटवार नई खाकी वर्दी पहन कर चुनाव में अपनी ड्यूटी कर सकें। उन्होंने बताया कि अगर राशि शीघ्र कोटवारों के खाते में नहीं डाली गई तो समस्त कोटवार पुरानी नीली वर्दी पहनकर ही चुनाव ड्यूटी करने पर मजबूर होंगे। अगर नीली वर्दी पर जिला पूलिस प्रशासन या चुनाव आयोग के किसी अधिकारी द्वारा आपत्ति ली जाती है तो जिला प्रशासन इसका जिम्मेदार रहेगा।