सीतापुर। कोहरा, गलन व बर्फीली हवा का प्रकोप लगातार बना हुआ है। शनिवार को भी सर्दी के तेवर बेहद तल्ख रहे। गलन इस कदर कि लोगों के हाथ-पैर सुन्न हो रहे हैं। भीषण ठंड के आगे धूप बेअसर रही। राहत के लिए दिनभर लोग हीटर व अलाव के आसपास सिमटे नजर आए। दिन का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पारे में उतार-चढ़ाव के साथ कोहरे व गलन का असर अभी बना रहेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से जिले में सर्दी लगातार कहर बरपा रही है। शनिवार को सुबह घने कोहरे से लिपटी रही। ठंडी हवाओं से लोग ठिठुरने को मजबूर हो गए। कोहरे से दृश्यता घटने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बेहद कम रही। हाईवे पर जो वाहन निकल रहे थे, हेडलाइट जलाने के बाद भी धीमी गति से चलते दिखाई दिए। दोपहर एक बजे तक सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए। फिर सूरज ने हाजिरी लगाई पर छह किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली शीतलहर के आगे धूप बेअसर रही। गलन की वजह से पूरे दिन लोगों के हाथ-पैर सुन्न होते रहे।