सीतापुर। केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 का रिजल्ट जारी किया। इसमें सीतापुर नगर पालिका ने इस बार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। 117 स्थानों की छलांग लगाकर देश की नगरपालिकाओं में 106वां स्थान पाया है। प्रदेश में 16वां व लखनऊ मंडल की सभी नगरपालिकाओं को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण के जरिए नगरपालिकाओं की रैंकिंग तय होती है। इसमें शहर में साफ-सफाई के तरीके, संसाधन, कूड़ा उठान की स्थिति, शौचालय सहित तमाम बिंदुओं की मॉनीटरिंग होती है। इसी आधार पर पूरे देश की नगरपालिकाओं की रैंकिंग तय होती है। पिछले चार सालों में नगरपालिका ने अपने संसाधन और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया। इसी वजह से रैंकिंग दिन-प्रतिदिन बेहतर होती जा रही है। पिछले साल सीतापुर नगरपालिका ने देश की नगरपालिकाओं में 223 वां स्थान हासिल किया था। इस बार 117 स्थानों की छलांग लगाई है।