सीतापुर। जिले में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर रही। इससे वाहनों की रफ्तार थम गई। हाईवे पर चल रहे इक्का-दुक्का वाहन भी हेडलाइट जलाने के बाद रेंगते नजर आए। बर्फीली हवाओं ने ऐसा सितम ढाया कि न्यूनतम तापमान लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे कंपकंपी बढ़ गई। हर कोई हीटर व अलाव के इर्द-गिर्द सिमटा नजर आया। दिनभर सूरज के दर्शन पाने को लोग तरसते रहे। सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सर्दी के सितम से राहत के आसार फिलहाल नहीं हैं। बृहस्पतिवार को लोग सुबह उठे तो गलन व कोहरे के प्रकोप से उनका सामना हुआ। सुबह साढ़े नौ बजे दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सड़कों पर वाहन काफी धीमी गति से रेंगते रहे। हवा चलने से दोपहर तक कोहरा छट गया मगर सूरज के दर्शन दुर्लभ हो गए। दिनभर चली बर्फीली हवाओं ने खूब सितम ढाया।