सीतापुर। घने कोहरे व गलन के कारण माध्यमिक विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया गया है। कक्षा नौ से 12 तक के स्कूल अब सुबह 10 बजे से खुलेंगे। सर्दी के तेवर बृहस्पतिवार को और तल्ख हो गए। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवा के चलते गलन का प्रकोप जारी है। धूप नहीं खिलने व शीतलहर के चलते दिन भर लोगों की कंपकंपी छूटती रही। दिन का न्यूनतम पारा 9 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले दिनों की तरह सुबह भी कोहरे में लिपटी रही। सुबह के समय दृश्यता 500 मीटर से भी कम रही। हाईवे पर हेडलाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंगते नजर आए। ठिठुरन से लोग परेशान रहे। राहत पाने के लिए लोग अलाव के पास सिमटे नजर आए। बुधवार के मुकाबले बृहस्पतिवार को सर्द हवा की गति दो किमी. प्रति घंटा ज्यादा रही। आठ किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी।