ग्राम पंचायत शिवरा में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के मंदिर का निर्माण अधर में लटका हुआ है। ग्राम प्रधान अमरनाथ यादव ने स्थानीय प्रशासन पर मंदिर के निर्माण का काम लटकाने का आरोप लगाया है। बुधवार को मुलायम सिंह यादव की जयंती है। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण अधर में लटकने से उनके अनुयायी मायूस हैं। ग्राम पंचायत शिवरा के ग्राम प्रधान मुलायम सिंह यादव का मंदिर बनवा रहे हैं। दस माह पूर्व जनसहयोग से क्षेत्र के धन्नाग तीर्थ स्थल के निकट मंदिर निर्माण का कार्य शुरू करवाया था। मंदिर निर्माण का फाउंडेशन तैयार हो रहा था तभी सिधौली की तत्कालीन उपजिलाधिकारी राखी वर्मा ने मंदिर का निर्माण कार्य रुकवा दिया। मंदिर निर्माण की अगुवाई कर रहे अमरनाथ का आरोप है कि राजनीतिक द्वेष भावना के चलते निर्माण रोका गया था। वहीं उस समय सिधौली तहसील प्रशासन ने बताया था कि मंदिर निर्माण बिना अनुमति के सरकारी भूमि पर कराया जा रहा है।