बिजली विभाग के मुख्य अभियंता विवेक अस्थाना ने रविवार को नैपालापुर उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। साथ ही अपने नवीन कार्यालय को देखा। अफसरों को राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता जॉइनिंग करने के बाद लखनऊ चले गए थे। वह सीधे विद्युत वितरण खंड द्वितीय पहुंचे। इस दौरान अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार गुप्ता ने उनका स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में जिले की भौगोलिक स्थिति व बिजली आपूर्ति की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा इस समय एकमुश्त समाधान योजना चल रही है। इसका अधिक से अधिक लाभ उपभोक्ताओं को दिलाया जाए। अफसर क्षेत्र में जाकर उपभोक्ताओं से मिले और उनको इसकी जानकारी दें। इसके बाद वह नैपालापुर उपकेंद्र पहुंचे। वहां पर उन्होंने कर्मचारियों की हाजिरी परखी। इस दौरान सभी कर्मचारी मौजूद मिले।