कहते हैं की आस्था में विश्वास और भक्ति में शक्ति होती है। शायद इसी वजह से रामलला से दीदार के जुनून में एक 25 वर्षीय युवा सैकड़ों किमी के सफर के लिए पैदल ही चल पड़ा और 15 दिन पदयात्रा कर मध्य प्रदेश के मंडला से उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंच गया। जहां से भगवान श्री राम के दर्शन उपरांत वनवास के दौरान बिताए गए सभी धार्मिक स्थलों का भ्रमण दर्शन एवं पूजन करते हुए वापस लौट पड़ा। इस जुनूनी युवक का नाम हर्षित शर्मा है जो मध्य प्रदेश के मंडला जिले का रहने वाला है। भगवान श्री राम के अयोध्या में दर्शन के बाद वहां से चित्रकूट बांदा भरतकूप और पन्ना होते हुए वापसी के लिए रवानगी पर है। पन्ना के लोगों को जब भगवान श्री राम के इस अनोखे भक्त के बारे में पता चला तो श्री जुगल किशोर मंदिर पहुंचकर पुष्प मालाओं से स्वागत किया और यात्रा की मंगल कामना करते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। हर्षित शर्मा ने बताया कि भगवान श्री राम के दर्शन का खयाल आते ही वह अपने घर से पैदल चल पड़ा था जहां से 15 दिनों की पदयात्रा कर अयोध्या पहुंचा इस दौरान उसे कोई भी कठिनाई परेशानी या समस्या नहीं हुई। उसे ऐसा लग रहा था मानो वह चल नहीं बल्कि उड़ रहा है। दर्शन के बाद भगवान श्री राम के द्वारा जिन स्थानों में वनवास के दौरान समय बिताया गया है वहां के भी दर्शन करते हुए वापस लौट रहा हूं। पन्ना में भगवान श्री जुगल किशोर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और लोगों से मुलाकात की।