पन्ना। विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष में 15 फरवरी 2024 को पन्ना नगर के लवकुश वाटिका में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा केंद्र पन्ना के तत्वाधान में एवं डीपीसी अजय गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय, अषोक चतुर्वेदी उप संचालक समाजिक न्याय विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यभूषण मिश्रा, डीपीसी अजय गुप्ता, सहायक यंत्री अरविंद सिंह गौर, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी राजेश मिश्रा, रवि डनायक सहित काफी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं दिव्यांग खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक शामिल रहे। कार्यक्रम में लंबी दौड़, बाधा दौड़, जलेबी दौड़, नींबू दौड़, कुर्सी दौड़, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी, भाषण, संगीत, नृत्य एवं कविता सहित कुल 13 प्रकार की प्रतियोगिताएं रखी गई। प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कार वितरण किए गए एवं प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी बच्चों को उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम उपरांत सामूहिक भोज में सभी ने भोजन ग्रहण किया। नृत्य प्रतियोगिता में अपने हुनर का प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करने वाली शाहनगर ब्लॉक से आई एक पैर की दिव्यांग बालिका चंचल यादव की खूब सराहना हुई। पन्ना जिले के पांचो ब्लॉक से दिव्यांग खिलाड़ी शामिल हुए थे। डीपीसी अजय गुप्ता ने बताया कि विष्व दिव्यांग दिवस 3 दिसंबर को मनाया जाता है, लेकिन इस बार 3 दिसंबर को विधानसभा चुनाव एवं आचार सहिंता के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका था। इसी लिए ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताएं संपन्न करवाने के बाद 15 फरवरी को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसकी खूब सराहना हो रही है।