पन्ना। जिला मुख्यालय पन्ना का रजिस्ट्रार ऑफिस दलालों का अड्डा बन चुका है। जिससे यहां आम नागरिकों को तमाम परेषानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को कई प्रकार की कमियां निकाल कर बेवजह परेषान किया जाता है। और दलालों के माध्यम से आने वालों के काम तत्काल हो जाते हैं। वहीं दूसरी ओर यह कार्यालय खोपचे नुमा जगह में चल रहा है। जहां अव्यवस्थाओं का अंबार है। यहां रजिस्ट्री कराने आने वाले क्रेता विक्रेता के बैठने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं है। और ना ही यहां पेयजल सफाई इत्यादि की कोई व्यवस्था है। लोगों ने बताया कि अधिकारी अधिकतर समय गायब रहते हैं। जिससे लोग यहां अधिकारी के आने का घंटों इंतजार करते हैं। इसके अलावा अधिकारी का व्यवहार भी संतोष जनक नहीं बताया गया है। जिससे आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। बता दें कि रजिस्ट्रार कार्यालय न्यायालय के बगल में लोकसेवा केन्द्र के पीछे चल रहा है। यहां आने वालों के बैठने के लिए भी व्यवस्था नहीं है। पीने के लिए आसपास पानी की सुविधा नहीं है। सफाई तो शायद कभी-कभार ही होती है। कार्यालय तक पहुंचने के लिए बेहद संकरी तंग गली से गुजरना पड़ता है। घंटों इंतजार के बिना अधिकारी के दर्शन भी नहीं होते। लोगों से जरा सी बात पर अधिकारी भड़क जाते हैं। और खरी खोटी सुनाने लगते हैं। तमाम शिकायतों और समाचारों के बाद भी व्यवस्थाओं और लापरवाही का सिलसिला लगातार जारी है।