आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में बुधवार को दौरे पर पहुंचे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गेट नंबर एक पर स्थित हाइड्रोपोनिक यूनिट का उद्घाटन किया। इसी क्रम में उन्होंने बकरियों एवं बकरों के नस्ल सुधार हेतु पैरावेट (पशु मित्र) उपलब्ध कराया। भ्रमण के दौरान कृषि मंत्री प्राकृतिक प्रक्षेत्र, अटल बिहारी वाजपेयी क्रीड़ा मैदान सहित विभिन्न महाविद्यालयों का भी भ्रमण किया। इस दौरान विवि के कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने विश्वविद्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों से कृषि मंत्री को अवगत कराया। कृषि मंत्री शाही ने कहा कि अब कृषि विवि में हाइड्रोपोनिक यूनिट से बिना मिट्टी के पानी में पौधों को उगाया जा सकेगा। इस प्रक्रिया में पौधों के जड़ एवं अंकुर वृद्धि के लिए पोषक तत्वों से भरपूर पानी का प्रयोग किया जाता है। मंत्री ने कहा कि इस विधि का प्रयोग कर किसान अपनी जरूरत के अनुसार फसल उगा सकते हैं।