पूराबाजार, अयोध्या। भरतकुंड महोत्सव में लोक गायिका प्रकृति यादव ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद सम्मेलन में कवियों ने अपनी कविताओं से समां बांध दिया। कार्यक्रम में 21 प्रसिद्ध कलाकरों को लोक कला अवार्ड से सम्मानित भी किया गया।  इससे पहले जीएस अकादमी और केडी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। केंद्रीय संचार ब्यूरो से आए राजेंद्र विश्वकर्मा की टीम ने कथक, भजन, कॉमेडी, लोक नृत्य और लोक गायन की प्रस्तुतियों से उपस्थित जन समूह का दिल जीत लिया। कार्तिक पंडित, चिंटू सागर, हरिओम तिवारी, छविलाल पाल आदि ने अपनी-अपनी प्रस्तुति दी। गुरुद्वारा ब्रह्मा कुंड के ग्रंथी साहब द्वारा शबद कीर्तन भी किया गया। कवि सम्मेलन का संयोजन राष्ट्रीय कवि दुर्गेश दुर्लभ और संचालन रायबरेली के नीरज पांडेय ने किया। इंटरनेशनल कवियत्री अनन्या राय पराशर, लाल बिहारी पांडेय, अपर्णा, अविरल, अर्चना द्विवेदी, प्रदीप महाजन, सौरभ त्रिपाठी, कोमल वाणी, कुलदीप सिंह नवाब, लोकेश त्रिपाठी और अनुजेंद्र तिवारी अनुज ने काव्य पाठ किया।