राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के धरहरा पंचायत के गणपतगंज बाजार में रविवार को समाजसेवी पिंटू गुप्ता के सहयोग से जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रेफरल अस्पताल प्रभारी दीपनारायण राम और धरहरा पंचायत समिति सदस्य विपिन यादव शामिल हुए। इस दौरान तकरीबन दो सौ जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया। श्री गुप्ता ने बताया कि वह हर साल मकर सक्रांति पर जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण करते हैं।  वहीं अस्पताल प्रभारी श्री राम ने कहा कि समाजसेवा सबसे बड़ा धर्म है। जरूरतमंद लोगों को इस कड़कती ठंड में कंबल मिलने से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इस कार्य की सराहना की। धरहरा पंसस विपिन यादव ने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर पुराणों में दान का विशेष महत्व बताया गया है। जरूरतमंद लोगों की सहायता करना मानवता का परिचय है। मौके पर सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रही। कंबल मिलने से लाभुक खुश दिखे। -

वीरपुर से बिहपुर के बीच एनएच 106 पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज राघोपुर का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। जिस कारण यहां पिछले नौ सालों में निर्माण कार्य अबतक महज 30 फ़ीसदी तक ही पूरा किया जा सका है। रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य की गति धीमी होने के कारण यहां के बाजारों पर बड़ा फर्क पड़ा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि आरओबी निर्माण कार्य चलने के कारण लोगों को आवाजाही में कड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर सड़क पर हिचकोले मारते वाहन चालक गुजरते हैं। दो पहिया वाहन चालकों का गिरकर चोटिल होना आम बात रह गई है। वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की प्रबल संभावनाएं बनी रहती है। लोगों ने डीएम कौशल कुमार से जल्द जांच कर आरओबी निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।