प्रखंड के चैनपुर बाजार में अतिक्रमण कर बनाए गए कई पक्के निर्माण ढाहे गए। दंडाधिकारी और पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच चैनपुर बाजार में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।जिला प्रशासन एवं अंचल प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में गुरुवार को अंबेडकर चौक से चैनपुर ओपी तक सड़क के दोनों किनारों से स्थाई और अस्थाई निर्माण को हटाया गया। इस अभियान में दो दर्जन से अधिक पक्का निर्माण भी ढाह दिया गया। इस पक्का निर्माण सड़क के दोनों किनारों पर बने नालों पर अवैध रूप से बनाया गया था। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मुख्य सड़क के दोनों तरफ लगने वाली दुकानों को हटा दिया गया। कई दुकानों और घरों के सड़क पर बनी सीढ़ियों को भी जेसीबी की मदद से हटा दिया गया। बता दें कि चैनपुर बाजार में सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों के अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या आम हो गई थी। जिसके चलते आए दिन सड़क दुर्घनाएं हो रही थी।नालों और सड़कों पर अतिक्रमण की वजह से सुबह नौ बजे से शाम के सात बजे तक इस क्षेत्र में वाहन चलाना दूर पैदल चलना भी मुश्किल होता है। सिओ सतीश कुमार ने बताया इस तरह का अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रखंड के सिसवन बाजार में भी चलाया जाएगा, ताकि सड़कों पर आवागमन बिना किसी रुकावट के हो सके।उन्होंने बताया कि दुबारा अतिक्रमण करने पर चिन्हित अतिक्रमणकारी दुकानदारों का सामान जप्त करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।