हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव में मृत्यु के 25 दिन के बाद एक युवक का शव हथौड़ा पहुंचा। युवक हथौड़ा निवासी चंदेश्वर यादव का 26 वर्षीय पुत्र मुन्ना यादव था जिसकी दुबई में सांस संबंधित परेशानी से मृत्यु हो गई थी। प्राप्त सूचना के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी मुन्ना यादव 15 माह पूर्व दुबई के अल-मदान- एमजीएम कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने गया था। इस कंपनी में वेल्डर का काम करता था व डेढ़ माह पूर्व कंपनी से भागकर इधर उधर दुबई में ही काम कर रहा था। 25 दिन पूर्व दुबई में सड़क के किनारे बेहोशी की हालत में मिला था जहां से पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान दो दिन बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। चिकित्सकों के अनुसार श्वसन संबंधित बीमारी से उसकी मृत्यु हुई थी। आसपास के मजदूरों ने उसके परिजनों को मृत्यु की सूचना दी थी। मुन्ना यादव की कंपनी ने जांच पड़ताल और आवश्यक कागजी कार्यवाही के बाद उसका शव हवाई जहाज से इंडिया भिजवा दिया। पटना तक हवाई जहाज से आने के बाद परिजनों द्वारा शव को हथौड़ा लाया गया। शव पहुंचते ही परिजन चीत्कार करने लगे। आसपास के ग्रामीण उन्हे दिलासा दे रहे थे। गुरुवार की देर रात युवक का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार का इकलौता कमाने वाला था मुन्ना यादव मृतक के चार भाई व दो बहनें हैं जो सभी मृतक से छोटे हैं। तीन साल पूर्व मुन्ना की शादी हुई थी। पिता जैसे तैसे मजदूरी कर गुजरा कर रहे हैं। बड़े लड़के की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। अब उन्हे घर चलाने की चिंता सताए जा रही है।