धरहरा (संवाददाता):- धरहरा प्रखंड के नक्सल प्रभावित लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव से सोमवार की देर रात एक फर्जी दरोगा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सनद रहे कि फर्जी दरोगा राहुल पासवान के पिता वार्ड सदस्य हैं तथा पत्नी पंचायत समिति सदस्य पद से जीती है।सूत्रों की माने तो लगभग 5 वर्षों से राहुल फर्जी दरोगा बनकर घूम रहा था। राहुल अपने चार पहिया वाहन पर पुलिस स्टीकर तथा सायरन लगाकर घूमता था। मुंगेर पुलिस कप्तान को इसकी जानकारी मिली तो मुंगेर पुलिस कप्तान जेजे रेड्डी ने तत्काल टीम गठित कर उक्त फर्जी दरोगा को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त फर्जी दरोगा के पैतृक घर धरहरा गोविंदपुर से सोमवार की देर रात गिरफ्तार किया।