कराटा प्रशिक्षण के नाम पर राशि डकारने का आरोप बिहारशरीफ 1अगस्त (हि.सं)। नालंदा में कराटा प्रशिक्षण के नाम पर निजी स्कूल के प्राचार्य पर छात्रों व अभिभावकों ने राशि डकारने का आरोप लगाया है। अभिभावक राजेश सहाय, एमडी गुलाम, एसए सलमा, लखन लाल गुप्ता, सुधीर कुमार, शिवेंद्र कुमार, मनीष कुमार, ऋतुराज कुमार, मो. इरशाद, मजरूल हक व अन्य ने इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन समिति को भी दी है। बताया कि कराटा सिखाने के नाम पर पीटी शिक्षक व प्राचार्य मिलीभगत कर छात्रों को गुमराह कर लाखों रुपए की ठगी की है। छात्रों से पैसे लिए गए। लेकिन, कोई रसीद नहीं दिया गया। प्राचार्य से शिकायत करने व रसीद मांगने पर पैसे ‘ऊपर तक भेजे जाने की बात कही।'जबकि, प्राचार्य पीके दास ने बताया कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं। इसके पहले भी कुछ लोगों ने बदनाम करने का प्रयास किया था। मैं के एक फौजी का बेटा हूं। साथ ही, शिक्षक भी हूं। 30 साल से कई स्कूलों में योगदान कर चुका हूं। आत्मरक्षा के लिए छात्रों को निशुल्क कराटा सिखाया जा रहा है। इसके लिए अभिभावक खुद बाहर से ड्रेस खरीदते हैं। स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य का कहना है कि इस संबंध में उन्हें आवेदन मिला है। इसे उच्चस्तरीय मैनेजमेंट कमेटी के पास भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है।