शनिवार की शाम सदर प्रखंड अंतर्गत कोसुंभा ओपी के कोसुंभा बगैया टोला पर भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर गोली बारी और मारपीट की घटना घटी। घटना के दौरान गोली लगने से एक 21 वर्षीय युवक टुनटुन यादव घायल हो गया। जिसे बाए हाथ में गोली लगी है। जबकि इस घटना में लाठियों के प्रहार से घायल युवक के 60 वर्षीय पिता पूना यादव और एक अन्य 34 वर्षीय रामबली यादव घायल हो गए। तीनो को पुलिस की सहायता से सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया।उधर दूसरे पक्ष से दीपू यादव और नीतू देवी , अंजली कुमारी , रामाशीष यादव घायल हो गए। इस बाबत ओपी अध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक कमला प्रसाद ने बताया कि दूसरे पक्ष के रामाशीष यादव का एक सहयोगी मारपीट में घायल हो गया है। उन्होंने बताया कि दोनो पक्ष के लोग आपस में गोतिया परिवार के लोग है।इन दिनों सरकार द्वारा चल रहे भूमि के सर्वे कार्य के दौरान पुस्तैनी भूमि पर अपना दखल दिखाने को लेकर घटना घटी। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक पक्ष का कहना है कि रामाशीष यादव ने बाहर से किराए के अपराधियों को लाकर घर चढ़ कर गोलीबारी और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना के दौरान बदमाशों द्वारा कमसे कम छह चक्र गोलियां चलाने की खबर मिली है। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल से अब तक गोलियों का खोखा या कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। घटना के बाद दोनो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त हो गया है।बता दें कि भूमि के सर्वे के दौरान पिछले दो माह अरियरी थाना क्षेत्र के अरियरी गांव में दिनदहाड़े 45 वर्षीय निसार खान की एक पक्ष के लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी।