शेखोपुरसराय प्रखंड अंतर्गत पांची गांव में अगस्त 2021 में दिनेश मांझी की गोली मारकर हत्या किए जाने के एक मामले में फरार दो हत्यारोपियों के घर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को इश्तेहार चिपकाया। इस अभियान का नेतृत्व शेखोपुरसराय थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने किया। जबकि टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार भी शामिल थे। इस बाबत थाना अध्यक्ष ने बताया कि दिनेश मांझी की हत्या के मामले के चार नामजद अभियुक्तों में दो को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन इस हत्याकांड के दो आरोपी और पांची गांव निवासी सोनू कुमार और रौशन कुमार अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रेम में रोड़ा बनने पर दिनेश मांझी की हत्या गोली मार कर कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि कुर्की जब्ती के पूर्व दोनो फरार आरोपियों के घर पर इश्तहार चिपका दिया गया। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी रौशन कुमार साइबर ठग गिरोह का बदमाश भी है।उन्होंने बताया कि उसके विरुद्ध साइबर ठगी का एक मुकदमा स्थानीय थाना में पूर्व से अंकित है। उन्होंने बताया कि दोनो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी भी की जा रही है।