कलेक्ट्रेट परिसर शेखपुरा में कांग्रेस के दिग्गज पूर्व सांसद स्वर्गीय राजो सिंह का आदमकद प्रतिमा स्थापित किया जाएगा ।भवन निर्माण विभाग द्वारा इस संबंध में निविदा जारी की गई है ।बताया गया कि भवन निर्माण विभाग द्वारा इस प्रतिमा के समाहरणालय प्रांगण में स्थापना को लेकर पेडेस्टल का निर्माण करना है। निर्माण की राशि 11 लाख 35 हजार रुपए बताई गई है। निर्माण का कार्य डेढ़ माह में पूरा करने को कहा गया है । अधिकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को निविदा खोलने की तिथि निर्धारित की गई है । मालूम हो कि शेखपुरा जैसे मुंगेर जिला के एक प्रखंड शेखपुरा को स्व सिंह ने पहले अनुमंडल और फिर जिला का दर्जा अपने राजनीतिक पराक्रम के बदौलत दिलाया। वे बिहार सरकार में कई बार मंत्री का पद सुशोभित किया और लोकसभा के भी सदस्य के रूप में चुने गए।शेखपुरा को जिला बनाने के शिल्पी के रूप में याद करने वाले लोग उनकी प्रतिमा स्थापित किए जाने से हर्षित हैं। गौरतलब है कि लगभग चार दशक तक जिले की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद वर्ष 2005 में गोली मारकर उनकी हत्या की गई थी। अभी उनके पौत्र सुदर्शन कुमार बरबीघा से जदयू के विधायक हैं। विधायक समर्थकों में प्रतिमा स्थापना को लेकर खुशी का माहौल देखा जा रहा है। विधायक के समर्थकों ने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया है।