नदी में डुबने से दो बालक की मौत बिहारशरीफ 4 दिसम्बर (हि.स.)| नालंदा में अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी। पहली घटना तेलमर ओपी क्षेत्र के नदीपर गांव के पास हुई। पानी भरे गड्ढे में डूबकर बच्चे की मौत हो गयी। मृतक दीपन राम का 6 वर्षीय पुत्र कल्लू कुमार है। परिजन ने बताया कि बच्चा शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं लौटा तो खोजबीन होने लगी। बाद में गड्ढे से उसकी लाश बरामद की गयी। ओपी प्रभारी जयप्रकाश नारायण ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। वहीं दूसरी घटना रहुई थाना क्षेत्र के ओरा गांव में हुई। पानी में डूबने से मुनेश रजक के 6 वर्षीय पुत्र रवि कुमार की मौत हो गयी। परिजन ने बताया कि बच्चा मां के साथ जलावन लाने गया था। उसी दौरान फिसलकर गड्ढे में गिर गया। घर पहुंचने पर मां ने बच्चे को गायब पाकर खोजबीन शुरू की तो गड्ढे से लाश बरामद की गयी। थाना प्रभारी सीमा कुमारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। हिन्दुस्थान समाचार /प्रमोद
