बनौली गांव के छात्र की कैमूर जिले के चैनपुर में हुई सड़क हादसे में मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक पाराडाइज चिल्ड्रेन एकेडमी में पढ़ता था। वह सीबीएसई के 10वीं के प्रथम चरण के एग्जाम सेंटर मान भारती स्कूल चांद में परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान चैनपुर में छात्र की बाइक को एक डंपर ने टक्कर मार दिया। इससे बनौली गांव के निवासी शकील अहमद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार मछली मंडी चेनारी के छात्र तस्लीम आरिफ और हाटा गांव के छात्र रूमान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर में भर्ती किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक छात्र के शव का पोस्टमार्टम कैमूर में पुलिस करा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव में लाकर खाक-ए-सुपुर्द किया जाएगा।
