आगामी त्योहारों विशेषकर लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता एवं सहजता हेतु आवश्यक तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिलाधिकारी महोदय द्वारा कई आवश्यक निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक रोहतास श्री आशीष भारती, डीडीसी रोहतास श्री शेखर आनंद, भाप्रसे, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी श्री समीर सौरभ, भाप्रसे, अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज सुश्री प्रियंका रानी,भाप्रसे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेहरी, नवजोत सिमी, भापुसे, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिक्रमगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम, सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, सभी संबंधित थानाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी उपस्थित पदाधिकारी से अनुमंडलवार छठ घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारी , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारियों, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए जो निम्नवत हैं:- 1. छठ घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराना। 2. समुचित बैरिकेडिंग कराना। 3. आवश्यकतानुसार भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाना। 4. वॉच टावर स्थापित करना। 5. घाट के जल का ट्रीटमेंट/सफाई। 6. छठ समितियों के साथ बैठक। 7. गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग करते हुए लाल रस्सी लगाना। 8. गोताखोरों को प्रतिनियुक्त करना। 9. ट्रैफिक की सुचारू व्यवस्था रखना। 10. संपर्क मार्गों की मरम्मती। 11. खतरनाक घाटों का चिन्हीकरण एवं बैरीकेडिंग। 12. घाटों के संपर्क पथों की आवश्यक मरम्मती। 13. छठ पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों का आवश्यक सहयोग प्राप्त करना। 14. चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव। 15. रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था। 16. बपब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से भीड़ नियंत्रण। 17. कोविड अनुरूप व्यवहार, मास्क का प्रयोग। यथाशक्य सामाजिक दूरी का अनुपालन कराए जाने आदि कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। ज्ञातव्य है कि जिले के सासाराम अनुमंडल में बेदा नहर, नोखा सूर्य मंदिर, बिक्रमगंज अनुमंडल में भलूनी धाम, डेहरी सोन नदी के तट पर झारखंडी मंदिर के समीप , चेनारी डैम इत्यादि स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिया गया। साथ ही सभी महत्वपूर्ण घाटों पर फ्लेक्सी एवं बैनर लगवाने, कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने, आपसी समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में लोक आस्था के इस महापर्व को सम्पन्न कराने का निर्देश सभी संबंधित को दिया गया।