बिहार में कोरोना की दूसरी लहर थमते ही बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथि तय हो गई है। 13 अगस्त को 276 केंद्रों पर होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्यपाल एवं कुलाधिपति फागू चौहान ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की और कई आवश्यक निर्देश दिए। बताया गया कि परीक्षा में कुल 1,36,772 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बैठक के दौरान राज्यपाल ने आदेश दिया कि बीएड प्रवेश परीक्षा को स्वच्छ और कदाचारमुक्त कराएं। परीक्षा आयोजन के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन होना चाहिए। इनमें लड़कों के लिए 117 एवं लड़कियों के लिए 159 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आरा में 21, भागलपुर में 24, छपरा में 9, दरभंगा में 29, गया में 18, हाजीपुर में 11, मधेपुरा में 21, मुंगेर में 13, मुजफ्फरपुर में 32, पटना में 70 एवं पूर्णिया में 28 परीक्षा केंद्र हैं।
