केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को दसवीं का परिणाम जारी किया जिसमें 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने 90 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए हैं। इस साल दसवीं में लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले बाजी मारी है। लड़कियों का पास प्रतिशत 99.24 फीसदी है, जबकि 98.89 फीसदी लड़के दसवीं में पास हुए हैं। इस साल दसवीं का रिजल्ट 99.4 फीसदी रहा है। साल 2020 में दसवीं में 41,804 विद्यार्थी 95 फीसदी से ज्यादा स्कोर लाए थे। वहीं साल 2019 में 57 हजार विद्यार्थी 95 फीसदी से ज्यादा स्कोर लाए थे। पिछले साल दसवीं का पास प्रतिशत 91.46 फीसदी था। विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in के जरिए दसवीं का परिणाम देख सकते हैं। कोरोना वायरस के कारण बोर्ड ने इस साल दसवीं की परीक्षाओं को रद्द कर दिया था। दसवीं का रिजल्ट आंतरिक मूल्यांकन पद्धति के जरिए तैयार हुआ है। दसवीं कक्षा के रिजल्ट से असंतुष्ट छात्र, फिर से परीक्षा दे सकेंगे। विद्यार्थी उमंग एप और डिजिलॉकर के जरिए भी दसवीं का रिजल्ट देख सकते हैं। 2,00,962 छात्रों ने 90 से 95 फीसदी अंक हासिल किए हैं।