बिहार राज्य से यशवंत कुमार ने मोबाइल वाणी के माध्यम से बताया कि बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले में आई कमी के बाद आज राज्य सरकार ने अनलॉक- 4 का ऐलान करते हुए 7 जुलाई से स्कूल और कॉलेज खोलने की इजाजत दे दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आपदा प्रबंधन समूह (सीएमजी) की बैठक के बाद खुद ट्वीट कर अनलॉक चार में दी गई छूट के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना स्थिति की समीक्षा के बाद सभी सरकारी, गैर सरकारी कार्यालय को सामान्य रूप से खोलने का निर्णय लिया गया है। अब टीका प्राप्त आगंतुक कार्यालय में प्रवेश पा सकेंगे। नीतीश कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय, सभी कॉलेज, तकनीकि शिक्षण संस्थान, सरकारी प्रशिक्षण संस्थान, ग्यारहवीं एवं बारहवीं तक के विद्यालय 50 प्रतिशत छात्रों की उपस्थिति के साथ खुलेंगे।उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के व्यस्क छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मियों के लिए टीकाकरण की विशेष व्यवस्था होगी। सीएम ने कहा कि रेस्टोरेंट एवं खाने की दुकान का संचालन 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अभी भी सावधानी की जरूरत है।