आदर्श आचार संहिता के अनुपालन हेतु उड़नदस्ते दल का गठन बिहारशरीफ 26 सितम्बर हि सं :- विधानसभा आम चुनाव 2020 में प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन एवं चुनाव प्रचार से संबंधित व्यय के लेखा जोखा के अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण हेतु विभिन्न प्रकार के दलों का गठन जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा किया गया है।अभ्यर्थी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता एवं राजनीतिक दलों द्वारा निर्वाचन पर किए जाने वाले व्यय के अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण हेतु प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन-तीन, कुल 24 उड़नदस्ता दल (तीन अतिरिक्त रिजर्व दल) एवं 24 स्टेटिक सर्विलांस टीम का गठन किया गया है। फ्लाइंग स्क्वाड द्वारा आदर्श आचार संहिता का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस टीम द्वारा एमसीसी के उल्लंघन के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी को डराने-धमकाने, मदिरा, हथियार तथा निर्वाचकों को प्रलोभित करने के लिए नगदी लाने ले जाने से संबंधित मामलों शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई करेगी तथा विधि विरुद्ध कार्य पाए जाने पर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराएगी।फ्लाइंग स्क्वाड अपने संबद्ध क्षेत्र में निरंतर भ्रमण शील रह कर निगरानी बनाये रखेगे। स्टेटिक सर्विलेंस टीम द्वारा सभी संवेदनशील स्थानों पर चेक पोस्ट लगाकर अवैध वस्तुओं/ नगदी आदि लाने एवं ले जाने तथा असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। उनके द्वारा लगातार वाहनों की चेकिंग भी की जाएगी। किसी भी तरह की जप्त अवैध सामग्री /नगदी की विवरणी व्यय एवं लेखा कोषांग को भी उपलब्ध कराया जायेगा।निर्वाचन व्यय के अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण हेतु सभी साथ विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक-एक तथा एक रिजर्व सहित कुल 8 सहायक व्यय प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इनके द्वारा संबद्ध विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित सभी लेखा-जोखा का अनुश्रवण किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन-तीन पदाधिकारियों/ कर्मियों का एक जांच लेखा दल बनाया गया है। जांच लेखा दल द्वारा अभ्यर्थी के छाया प्रेक्षण रजिस्टर एवं साक्ष्यों के फोल्डर का रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।निर्वाचन से संबंधित चुनाव प्रचार एवं अन्य गतिविधियों पर सतत् निगरानी बनाए रखने के लिए 24 वीडियो सर्विलेंस टीम बनाया गया है। जिनके द्वारा किसी भी तरह का रैली, जुलूस, भाषण, प्रचार-प्रसार आदि से संबंधित गतिविधि एवं घटनाओं की सतत वीडियोग्राफी की जाएगी।वीडियोग्राफी के अवलोकन के लिए 10 वीडियो अवलोकन टीम भी बनाया गया है जो वीडियो रिकॉर्डिंग का अध्ययन कर चुनाव से संबंधित खर्चे का सत्यापन तथा आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर नजर रखेगी।व्यय लेखा अनुश्रवण कोषांग में शिकायत अनुवीक्षण नियंत्रण कक्ष एवं कॉल सेंटर भी 24 घंटे कार्यरत रहेगा। इसके अतिरिक्त इस कोषांग में अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। निर्वाचन व्यय लेखा अनुश्रवण कोषांग नोडल पदाधिकारी राज्य कर संयुक्त आयुक्त एस एन झा की देख रेख में कार्य कर रही है। इस कोषांग के कार्यों का निष्पादन बिहार शरीफ प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित संयुक्त श्रम भवन से किया जा रहा है।
